- Hindi News
- Career
- NCERT Class 10 Textbook Print Quality Controversy | Strict Action Promise
3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) की कक्षा 10वीं की किताबों की प्रिंटिंग क्वालिटी को लेकर सवाल उठे हैं। किताबों में बेहद छोटे अक्षर, धुंधली छपाई और टेक्स्ट क्लियर न छपने के बाद NCERT ने मामले को गंभीरता से लिया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक ऑफिशियल बयान जारी करते हुए NCERT ने भरोसा दिलाया है कि जांच में जो भी प्रिंटर दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
यह पूरा मामला तब सुर्खियों में आया जब वकील विनीत जिंदल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शिक्षा मंत्री और शिक्षा मंत्रालय को टैग करते हुए पोस्ट शेयर किया। उन्होंने बताया कि जब वे अपने कक्षा 10वीं में पढ़ने वाले बेटे की NCERT की किताब देख रहे थे, तो उसकी प्रिंटिंग क्वालिटी देखकर परेशान हो गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि किताब में छपे अक्षर का फॉन्ट साइज बेहद छोटा, धुंधला और खराब तरीके से छपा हुआ है। इससे बच्चों को आराम से पढ़ने में काफी कठिनाई हो रही है। उन्होंने चिंता जताई कि ऐसी खराब क्वालिटी वाली किताबें स्कूली बच्चों की आंखों पर जोर, सिरदर्द और अन्य हेल्थ प्रॉब्लम की वजह बन सकती है।
प्रिंटर पर होगी सख्त कार्रवाई
NCERT 10वीं किताब की खराब प्रिंटिंग की शिकायतों की जांच की जाएगी। जिम्मेदार प्रिंटिंग एजेंसियों की पहचान की जाएगी। हालांकि, अभी तक NCERT ने किसी प्रिंटर का नाम, कार्रवाई का स्वरूप या जांच पूरी होने की समय सीमा नहीं बताई है।
इससे पहले कक्षा 8वीं की NCERT सोशल साइंस की किताब ‘Exploring Society: India and Beyond’ (Part-II) में न्यायपालिका में भ्रष्टाचार से संबंधित एक सेक्शन को लेकर फरवरी 2026 में विवाद हुआ था। इसके बाद केंद्र सरकार, NCERT और सुप्रीम कोर्ट ने कई कदम उठाए।
न्यायपालिका में भ्रष्टाचार से जुड़े कंटेंट सामने आने के बाद NCERT ने किताब की बिक्री रोक दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मामले पर नाराजगी जताई और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर जवाबदेही तय करने को कहा।
NCERT ने अपनी सफाई में कहा कि विवादित सामग्री अनजाने में शामिल हो गई थी और अगले शैक्षणिक सत्र के लिए इसे दोबारा लिखा जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने किताब के आगे प्रकाशन, छपाई और डिजिटल प्रसार पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया। बाजार और स्कूलों में मौजूद प्रतियां हटाने का निर्देश।

डिजिटल प्लेटफॉर्म से किताब हटाने का आदेश। NCERT निदेशक और शिक्षा मंत्रालय के संबंधित सचिव को कारण बताओ नोटिस। किताब तैयार करने वाली टीम और मंजूरी देने वाली समिति के सदस्यों की जानकारी मांगी गई।
NCERT ने विवादित अध्याय के लिए Unconditional and Unqualified Apology जारी की। साथ ही पूरी किताब वापस लेने की घोषणा की। NCERT ने जुलाई 2026 में संशोधित किताब जारी की।
NCERT का पूरा नाम नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग है। इसका हेड ऑफिस नई दिल्ली में है। NCERT के अंतर्गत नई किताबें राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (NCF-SE 2023) के अनुरूप तैयार की जाती हैं।
——————————————————————————
ये खबर भी पढ़ें
बिहार स्टेट यूनिवर्सिटीज में वोकेशनल कोर्स के लिए कमेटी बनेगी:AI एक्सपर्ट शामिल होंगे, प्रैक्टिकल डेमो के जरिये परखने के स्टैंडर्ड तय

बिहार की सभी स्टेट यूनिवर्सिटीज में वोकेशनल कोर्सेस के लिए कोर्स कमेटी बनना अनिवार्य होगा। इस कमेटी में स्कॉलर्स के साथ टेक कंपनियों के AI एक्सपर्ट्स और डाटा साइंटिस्ट भी शामिल किए जाएंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें

